Heart Touching Hindi Love Story
ज़िंदगी की रफ़्तार में हम कई चेहरों और यादों को पीछे छोड़ देते हैं और सोचते हैं कि वक़्त के साथ सब कुछ धुंधला हो गया है। लेकिन कभी-कभी वही अतीत अचानक हमारे सामने आ खड़ा होता है।
आज की मेरी यह कहानी एक ऐसी ही अनपेक्षित मुलाक़ात के बारे में है। यह कहानी प्यार या बिछड़न की नहीं, बल्कि उस सुकून और ‘Closure’ (पूर्णविराम) की है, जिसे हम न जाने कब से अपने भीतर तलाश रहे होते हैं। चलिए, मेरे साथ इस भावुक सफ़र पर…
शहर की उस भीड़भाड़ वाली सड़क पर सब कुछ अपनी ही रफ़्तार से चल रहा था। लोग अपने-अपने कामों में व्यस्त थे, गाड़ियाँ सड़क पर दौड़ रही थीं, और मैं भी उसी भीड़ का हिस्सा बनकर आगे बढ़ रही थी। तभी अचानक वो सामने आ गया।
एक पल के लिए जैसे समय ठहर गया। साँसें जैसे रुक-सी गईं। मैंने पहले ही ये तय कर लिया था कि अगर वो कभी अचानक सामने आ भी गया, तो मैं बिना कुछ कहे बस चुपचाप उसके पास से गुज़र जाऊँगी, जैसे वो मेरी कहानी का हिस्सा कभी था ही नहीं।
“कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं जिन्हें हम बड़ी मुश्किल से यादों की तहों में सहेजकर रख पाते हैं। और फिर अचानक उनका सामने आ जाना… जैसे दिल के पुराने दरवाज़े खुद-ब-खुद खुलने लगते हैं।”
मैं नज़रें चुराकर आगे बढ़ना चाहती थी, मगर तभी उसकी आवाज़ कानों में पड़ी – “कैसी हो?”
बस अगले ही पल रुकी हुई साँसें फिर से तेज़ चलने लगीं। उसके उस छोटे-से सवाल ने यादों के पहिए को अचानक पीछे मोड़ दिया। उसके साथ बिताया एक-एक पल आँखों के सामने घूमने लगा, मानो किसी ने पुरानी यादों की कोई फिल्म चला दी हो। ना चाहते हुए भी मैंने जवाब दिया – “ठीक हूँ।”
वो कुछ पल तक मुझे देखता रहा, फिर धीरे से बोला, “बात करना चाहोगी?” मन भीतर से ‘नहीं-नहीं’ की पुकार लगा रहा था, पर पैर खुद-ब-खुद उसके साथ चल पड़े।
कुछ दूर तक हम दोनों खामोशी में चलते रहे। आस-पास वही शहर की हलचल थी, लोगों की भीड़, गाड़ियों का शोर, मगर हमारे बीच एक अजीब-सी खामोशी थी। वो खामोशी जो दो अजनबियों के बीच नहीं होती, बल्कि दो ऐसे लोगों के बीच होती है जो कभी एक-दूसरे की पूरी दुनिया हुआ करते थे।
हम सड़क किनारे एक छोटे से पार्क की बेंच पर जा बैठे। बातों का सिलसिला शुरू हुआ। मैंने अपनी घबराहट को छुपाते हुए पूछा, “और तुम कैसे हो? कहाँ हो आजकल?” उसने हल्की-सी मुस्कान के साथ कहा, “बस… चल रहा है। सच कहूँ तो… तुम्हारी याद आती है।”
“उसके इस इकरार ने जैसे हवा में एक भारीपन घोल दिया। मैंने नज़रें चुराकर सामने लगे गुलमोहर के पेड़ को देखा, जिसके सूखे पत्ते धीरे-धीरे गिर रहे थे।”
मैंने धीरे से कहा, “यादें तो बस परछाइयाँ होती हैं, वे साथ नहीं चलतीं और यादें तो मुझे भी हैं… बस अब उन्हें ज़्यादा छेड़ती नहीं।”
वह थोड़ा हँसा और बोला, “परछाइयाँ ही तो एहसास दिलाती हैं कि हम अकेले नहीं हैं। तुम बदल गई हो, पहले से ज़्यादा खामोश और संजीदा।” मैंने एक लंबी साँस ली और कहा, “वक्त सबको बदल देता है। जो बातें कभी ज़रूरी लगती थीं, अब वो सिर्फ गुज़रा हुआ किस्सा लगती हैं।”
वो मेरी तरफ देखता रहा, जैसे कुछ कहना चाहता हो, मगर शायद शब्द उसके पास भी नहीं थे। कुछ देर हम दोनों चुप रहे। वह खामोशी बेचैन करने वाली नहीं थी, बल्कि उसमें एक तरह का सुकून था। जैसे दो मुसाफिर एक लंबे सफ़र के बाद किसी सराय में सुस्ता रहे हों। सूरज ढल रहा था और आसमान में नारंगी रंग बिखर गया था।
उसने उठते हुए कहा, “शायद तुम्हें देर हो रही है। पर आज मिलकर अच्छा लगा। ऐसा लगा जैसे अधूरे रह गए किसी वाक्य के अंत में एक छोटा सा पूर्णविराम लग गया हो।”
चलते-चलते हम उस मोड़ तक पहुँच गए जहाँ से रास्ते अलग होने वाले थे। मैंने मुस्कुराकर उसे विदा किया। फिर मैं अपने रास्ते पर आगे बढ़ गई। कुछ कदम चलने के बाद दिल ने धीरे से कहा – एक बार पीछे मुड़कर देख लो। मगर मैंने खुद को रोक लिया। क्योंकि कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं जिन्हें पीछे मुड़कर नहीं देखा जाता। उन्हें बस दिल के किसी कोने में एक खूबसूरत याद की तरह सहेज लिया जाता है।
और इस बार मेरी साँसें थमी नहीं थीं। आज सालों बाद मेरा मन हल्का था। पुरानी फिल्म अब खत्म हो चुकी थी…
और मैं अपनी ज़िंदगी की नई कहानी लिखने के लिए बिल्कुल तैयार थी।
शायद कुछ मुलाक़ातें सिर्फ इसलिए होती हैं…
ताकि हमें एहसास हो सके कि हम सच में आगे बढ़ चुके हैं।
लेखिका: अश्विनी कुलकर्णी
आपसे एक सवाल…
क्या आपके जीवन में भी कभी ऐसी कोई मुलाक़ात हुई है,
जिसने बिना कुछ कहे ही आपको एक गहरा सुकून या Closure दिया हो?
अपने अनुभव कमेंट्स में ज़रूर साझा करें 💬
📌 मुझसे जुड़ने के लिए इंस्टाग्राम पर फॉलो करें:
poeticanchor_ash1



Leave a comment